
झज्जर, 1 नवंबर। जिले में वायु प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। खुले में कूड़ा जलाने और प्रदूषण नियंत्रण के नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान किए जाएंगे। जरूरत पड़ने पर कूड़ा जलाने वालों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों को प्रदूषण नियंत्रण के लिए कार्ययोजना बनाकर उस पर प्रभावी ढंग से अमल करने के निर्देश दिए हैं।
डीसी ने संबंधित विभागों से कहा कि प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए। फसल अवशेष जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए भी अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने किसानों से सरकार की फसल अवशेष प्रबंधन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
निर्माण स्थलों पर पानी का छिड़काव कराने के निर्देश
निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल को रोकने के लिए डीसी ने सरकारी निर्माण स्थलों पर नियमित पानी का छिड़काव कराने को कहा। सड़कों पर उड़ने वाली धूल को नियंत्रित करने के लिए संबंधित विभागों को एंटी स्मॉग गन का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ेंरेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर सो रहे यात्री से लूट के मामले में दो दोषियों को 10-10 साल की कैद
उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े लागू नियमों और ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के प्रावधानों का प्रभावी पालन सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया। शहरी क्षेत्रों में सड़कों पर अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित न हो, इसके लिए भी अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
समीर ऐप पर कर सकते हैं शिकायत
डीसी वर्षा खांगवाल ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियां देखने पर समीर ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों में आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है।
वाहन चालकों से PUC अपडेट रखने की अपील
डीसी ने नागरिकों से अपने वाहनों की नियमित देखभाल करने और प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) अपडेट रखने को कहा। उन्होंने वाहनों में टायर का उचित दबाव बनाए रखने, लाल बत्ती पर इंजन बंद करने और संभव होने पर इलेक्ट्रिक या हाइब्रिड वाहनों को प्राथमिकता देने की अपील की।
इसके अलावा लोगों से खुले में कूड़ा नहीं फेंकने और नहीं जलाने, अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने को कहा गया। उन्होंने त्योहारों को पर्यावरण के अनुकूल तरीके से मनाने और पटाखों से बचने की भी अपील की।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए तय किए गए उपायों को जमीन पर लागू कराया जाए, ताकि जिले में वायु गुणवत्ता सुधारने के प्रयास प्रभावी हो सकें।
यह भी पढ़ेंतिहाड़ा के पास फिर सड़क हादसे में गई जान, कार की टक्कर से 17 वर्षीय गरिमा की मौत; दो भाई-बहन गंभीर
