
झज्जर, 1 नवंबर। हरियाणा सरकार ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम करने वाली महिलाओं को राज्य स्तरीय पुरस्कारों से सम्मानित करने के लिए आवेदन मांगे हैं। झज्जर जिले की पात्र महिलाएं 5 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। इन पुरस्कारों के तहत अलग-अलग श्रेणियों में 21 हजार से लेकर 5 लाख रुपये तक की नकद राशि और प्रशस्ति-पत्र दिया जाएगा। पुरस्कार 8 मार्च 2027 को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रदान किए जाएंगे।
डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से महिलाओं की उपलब्धियों और समाज में उनके योगदान को सम्मान देने के लिए ये पुरस्कार दिए जाएंगे। इसका उद्देश्य अलग-अलग क्षेत्रों में बेहतर काम करने वाली महिलाओं को पहचान देना और अन्य महिलाओं को भी आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।
इन श्रेणियों में मिलेगी पुरस्कार राशि
महिला पुरस्कारों के तहत श्रीमती सुषमा स्वराज अवार्ड के लिए 5 लाख रुपये, इंदिरा गांधी महिला शक्ति अवार्ड के लिए 1 लाख 50 हजार रुपये निर्धारित किए गए हैं। कल्पना चावला शौर्य अवार्ड और बहन शन्नो देवी पंचायती राज अवार्ड के लिए एक-एक लाख रुपये दिए जाएंगे।
यह भी पढ़ेंरेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर सो रहे यात्री से लूट के मामले में दो दोषियों को 10-10 साल की कैद
इसके अलावा लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड के तहत 51 हजार रुपये तथा सरकारी कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ता और महिला उद्यमी अवार्ड की प्रत्येक श्रेणी में 21-21 हजार रुपये की राशि निर्धारित की गई है। सभी पुरस्कारों के साथ प्रशस्ति-पत्र भी दिया जाएगा।
आवेदन के लिए परिवार पहचान पत्र अनिवार्य
महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी नेहा दहिया ने बताया कि आवेदन केवल विभाग के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। डाक, कूरियर या किसी अन्य ऑफलाइन माध्यम से भेजे गए आवेदन मान्य नहीं होंगे।
आवेदन करने वाली महिला के पास परिवार पहचान पत्र (PPP) होना अनिवार्य है। इसके साथ निर्धारित प्रारूप में विधिवत हस्ताक्षरित शपथ-पत्र भी जमा करना होगा। आवेदन से पहले विभाग की ओर से निर्धारित पात्रता, नियमों और दस्तावेजों की जानकारी ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है।
यहां से करें आवेदन
पात्र महिलाएं महिला एवं बाल विकास विभाग, हरियाणा के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकती हैं।
ऑनलाइन आवेदन पोर्टल: https://onlinemis.wcdhry.gov.in/gaurav/
यह भी पढ़ेंतिहाड़ा के पास फिर सड़क हादसे में गई जान, कार की टक्कर से 17 वर्षीय गरिमा की मौत; दो भाई-बहन गंभीर
डीपीओ नेहा दहिया ने पात्र महिलाओं से 5 नवंबर की अंतिम तारीख से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। पुरस्कारों की पात्रता और आवेदन से संबंधित अन्य जानकारी के लिए झज्जर के लघु सचिवालय स्थित भूतल पर जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।
