
रोहतक, 1 नवंबर। हरियाणा गठन के 60 वर्ष पूरे होने पर रविवार को रोहतक में जिला स्तरीय हीरक जयंती समारोह आयोजित किया गया। जिला विकास भवन परिसर स्थित डीआरडीए सभागार में हुए कार्यक्रम में उपायुक्त सतबीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान कुरुक्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण भी किया गया। विद्यार्थियों और सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के कलाकारों ने हरियाणा की संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां दीं।
राज्य स्तरीय समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने हीरक जयंती समारोह के लोगो का विमोचन किया। कार्यक्रम के प्रसारण के दौरान राष्ट्रपति, राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी के संदेश भी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से दिखाए गए।
रोहतक में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि हरियाणा ने गठन के समय कई चुनौतियों का सामना किया, लेकिन प्रदेश के लोगों की मेहनत और समर्पण से राज्य ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने नागरिकों से वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में योगदान देने का आह्वान किया।
यह भी पढ़ेंरेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर सो रहे यात्री से लूट के मामले में दो दोषियों को 10-10 साल की कैद
कृषि और शिक्षा में बदलाव का किया उल्लेख
जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल ने हरियाणा के गठन के बाद कृषि, सिंचाई और शिक्षा के क्षेत्र में हुए बदलावों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शुरुआती दौर में प्रदेश में सिंचाई की सुविधाएं सीमित थीं। भाखड़ा बांध परियोजना और हरित क्रांति के बाद कृषि उत्पादन को बढ़ावा मिला और हरियाणा ने खाद्यान्न उत्पादन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उन्होंने प्रदेश में साक्षरता दर बढ़ने और शिक्षा के क्षेत्र में लड़कियों की भागीदारी में हुए बदलाव का भी जिक्र किया।
गीत और रागनी के जरिए दिखाई हरियाणा की संस्कृति
समारोह में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। स्थानीय मॉडल स्कूल के विद्यार्थियों ने ‘देशां में देश भारत-भारत में हरियाणा’ गीत पेश किया। लाखनमाजरा विद्यालय के विद्यार्थियों ने हरियाणा की अतिथि सत्कार परंपरा पर आधारित रागनी ‘कौण किसे नै घरा बुलावे’ प्रस्तुत की।
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने हरियाणवी पगड़ी के महत्व पर सामूहिक नृत्य पेश किया। वहीं मॉडल टाउन स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्रा ने ‘दुनिया में सबतैं न्यारा म्हारा हरा-भरा हरियाणा’ गीत पर नृत्य किया।
सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के कलाकार ऋषिकेश ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से प्रदेश के प्रसिद्ध स्थलों और सांस्कृतिक पहचान का वर्णन किया।
यह भी पढ़ेंतिहाड़ा के पास फिर सड़क हादसे में गई जान, कार की टक्कर से 17 वर्षीय गरिमा की मौत; दो भाई-बहन गंभीर
कार्यक्रम में महम के उपमंडलाधीश विपिन कुमार, तहसीलदार रवि कुमार, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी संजीव सैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
