
नूंह, 1 नवंबर। हरियाणा दिवस के अवसर पर रविवार को शहीद लेफ्टिनेंट किरण शेखावत राजकीय महिला महाविद्यालय, सालाहेड़ी में प्रदेश गठन के 60 वर्ष पूरे होने पर हीरक जयंती समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने हरियाणवी नृत्य, भाषण, पेंटिंग, पोट डेकोरेशन और क्ले मॉडलिंग जैसी प्रतियोगिताओं में भाग लिया।
समारोह में अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को हरियाणा दिवस की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश की छह दशक की विकास यात्रा, संस्कृति और उपलब्धियों का उल्लेख किया।
हरियाणा की संस्कृति और उपलब्धियों पर दिया जोर
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि 1 नवंबर 1966 को हरियाणा अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया था। प्रदेश ने इन 60 वर्षों में कृषि, उद्योग, शिक्षा और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाई है।
यह भी पढ़ेंरेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर सो रहे यात्री से लूट के मामले में दो दोषियों को 10-10 साल की कैद
उन्होंने हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि रागिनी, सांग, फाग और घूमर जैसी लोककलाएं प्रदेश की पहचान हैं। कुरुक्षेत्र का अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव और फरीदाबाद का सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला भी प्रदेश की संस्कृति को व्यापक पहचान दिलाते हैं। उन्होंने मेवात क्षेत्र की बोली, लोककला और परंपराओं को भी हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
ज्योति ने विद्यार्थियों से शिक्षा और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा मेहनत और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा, सामाजिक सद्भाव, नशे से दूरी और युवाओं की सकारात्मक भागीदारी विकसित हरियाणा के निर्माण के लिए जरूरी है।
नृत्य प्रतियोगिता में नूंह के स्कूल ने हासिल किया पहला स्थान
समारोह के दौरान आयोजित हरियाणवी नृत्य प्रतियोगिता में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नूंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कंट्री ग्रामर स्कूल, नूंह दूसरे और राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नूंह-2 तीसरे स्थान पर रहा। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, उजीना को चौथा स्थान मिला।

भाषण और पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेता
भाषण प्रतियोगिता में राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नूंह-2 की छात्रा अरायना ने पहला स्थान हासिल किया। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, उजीना की शिवानी दूसरे और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नूंह की सफिया तीसरे स्थान पर रहीं। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नूंह की यथार्थ ने चौथा स्थान प्राप्त किया।
पेंटिंग प्रतियोगिता में पीएमएस राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पिनगवां के पवन सिंह प्रथम रहे। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नूंह-2 की मुस्कान ने दूसरा स्थान हासिल किया। पीएमएस राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पिनगवां के सनम कुमार तीसरे और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नूंह की सानिया चौथे स्थान पर रहीं।
यह भी पढ़ेंतिहाड़ा के पास फिर सड़क हादसे में गई जान, कार की टक्कर से 17 वर्षीय गरिमा की मौत; दो भाई-बहन गंभीर
पोट डेकोरेशन में छात्राओं ने हासिल किए स्थान
पोट डेकोरेशन प्रतियोगिता में मेजबान महाविद्यालय की उमा देवी ने प्रथम, सुहानी ने द्वितीय, खुशी ने तृतीय और सोनम ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। क्ले मॉडलिंग प्रतियोगिता में लाला हरद्वारी लाल गोयल कॉलेज के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में विजेता विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया। एसडीएम नूंह कुंवर आदित्य विक्रम ने मुख्य अतिथि अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति को स्मृति चिह्न भेंट किया।
इस अवसर पर जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी सुरेंद्र बजाड़, जिला समाज कल्याण अधिकारी वीरेंद्र यादव, खंड शिक्षा अधिकारी मनवीर, एफएलएन कोऑर्डिनेटर डॉ. कुसुम मलिक, सहायक सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी अशोक राठी, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी अंकित यादव सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. संजय और डॉ. सुलैचना ने किया।
