सोमवार, 2 नवम्बर 2026
ब्रेकिंग

हरियाणा के 60 साल: राष्ट्रपति मुर्मु ने महिला सशक्तीकरण और खेल उपलब्धियों को सराहा, CM सैनी ने बताई विकास की तस्वीर

लेखक: Vinod Yadavरिपोर्ट: जितेश नेगी

प्रकाशित:

हरियाणा राज्य गठन के 60 साल पूरे होने पर कुरुक्षेत्र में आयोजित हीरक जयंती समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रदेश के योगदान, महिला सशक्तीकरण और खेल उपलब्धियों की सराहना की। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि देश की जीडीपी में हरियाणा का योगदान 3.6 प्रतिशत है। इस अवसर पर राज्य के छह दशक के विकास और 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य पर भी चर्चा हुई।


हरियाणा के 60 साल: राष्ट्रपति मुर्मु ने महिला सशक्तीकरण और खेल उपलब्धियों को सराहा, CM सैनी ने बताई विकास की तस्वीर
हरियाणा के 60 साल: राष्ट्रपति मुर्मु ने महिला सशक्तीकरण और खेल उपलब्धियों को सराहा, CM सैनी ने बताई विकास की तस्वीर

कुरुक्षेत्र। हरियाणा के गठन के 60 साल पूरे होने पर रविवार को कुरुक्षेत्र में राज्य स्तरीय हीरक जयंती समारोह आयोजित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की मौजूदगी में हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश की विकास यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि देश की जीडीपी में हरियाणा का योगदान 3.6 प्रतिशत है, जबकि देश के कुल क्षेत्रफल में प्रदेश की हिस्सेदारी केवल 1.34 प्रतिशत है। राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में हरियाणा के सामाजिक, सांस्कृतिक और खेल क्षेत्र में योगदान के साथ महिला सशक्तीकरण की दिशा में हुए प्रयासों का उल्लेख किया।

हरियाणा का गठन 1 नवंबर 1966 को हुआ था। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि छह दशक पहले हरियाणा को पिछड़े राज्यों में गिना जाता था, लेकिन आज प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। उन्होंने इस बदलाव का श्रेय किसानों, जवानों, खिलाड़ियों, व्यापारियों, उद्योगपतियों और महिलाओं की मेहनत को दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा क्षेत्रफल के लिहाज से छोटा राज्य है, लेकिन देश की अर्थव्यवस्था में इसका योगदान महत्वपूर्ण है। उनके अनुसार, देश में बनने वाली हर तीन कारों में से दो, हर दूसरा ट्रैक्टर और 10 में से छह मोटरसाइकिल हरियाणा में बनती हैं। उन्होंने प्रदेश की पहचान सड़क, खेल और थाली से जुड़ी बताते हुए कहा कि यहां की बेटियां खेतों से लेकर खेल के मैदान, सेना और स्टार्टअप तक में अपनी भागीदारी दर्ज करा रही हैं।

यह भी पढ़ेंफरीदाबाद के बीके अस्पताल में खड़ी एंबुलेंसों के नाम पर 50 लाख का डीजल, पहले से 11 गाड़ियां सेवा से बाहर

राष्ट्रपति ने खेल और महिला सशक्तीकरण का किया जिक्र

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने हरियाणा के लोगों को राज्य के 60 साल पूरे होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर सामाजिक परिवर्तन, लोकतंत्र, साहित्य और विज्ञान तक विभिन्न क्षेत्रों में योगदान दिया है।

राष्ट्रपति ने हरियाणा की बेटियों की खेल उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने जनवरी 2015 में पानीपत से शुरू हुए ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ है। उन्होंने 2014 की तुलना में 2025 में जन्म के समय लिंगानुपात में सुधार का भी जिक्र किया और उम्मीद जताई कि महिलाओं के स्वास्थ्य और लड़कियों की शिक्षा के क्षेत्र में जारी सुधार आगे भी गति पकड़ेंगे।

यह भी पढ़ेंगुरुग्राम में 5 पिस्तौल के साथ दो गिरफ्तार, आठ केसों में आरोपी दीपक पर नया गिरोह बनाने की तैयारी का आरोप

राज्यपाल ने छह दशक की यात्रा को बताया सामूहिक मेहनत का परिणाम

समारोह की अध्यक्षता करते हुए हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि 1966 में राज्य गठन के समय हरियाणा और यहां के लोगों के सामने कई चुनौतियां थीं। छह दशक बाद प्रदेश अपनी उपलब्धियों का उत्सव मना रहा है। उन्होंने कहा कि कृषि से लेकर तकनीक तक प्रदेश ने अपनी पहचान बनाई है।

राज्यपाल ने मुख्यमंत्री और उनकी टीम को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में हरियाणा की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।

मुख्यमंत्री ने स्वामी श्रद्धानंद के योगदान को किया याद

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वामी श्रद्धानंद को सामाजिक जागरण का अग्रदूत बताते हुए कहा कि उन्होंने ऐसे समय में शिक्षा और सामाजिक सुधार का काम किया, जब देश अशिक्षा, सामाजिक कुरीतियों और पराधीनता की चुनौतियों से जूझ रहा था। गुरुकुल की स्थापना के माध्यम से उन्होंने भारतीय शिक्षा व्यवस्था को संस्कार, चरित्र, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति से जोड़ने का प्रयास किया।

यह भी पढ़ेंपंजाब में BJP-अकाली दल गठबंधन पर सस्पेंस बरकरार, 60 सीटों की मांग से फंस सकता है पेंच

गुरुकुल कुरुक्षेत्र की उपलब्धियां भी रखीं

कुरुक्षेत्र में आयोजित एक अलग कार्यक्रम में गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने राष्ट्रपति को गुरुकुल कुरुक्षेत्र के इतिहास और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्थान ने पिछले 10 वर्षों में एनडीए के माध्यम से 100 से अधिक उच्च सैन्य अधिकारी देश को दिए हैं। इसके अलावा 150 से अधिक विद्यार्थियों ने मेडिकल, आईआईटी, एनआईटी और आईआईआईटी जैसे संस्थानों में प्रवेश प्राप्त किया है।

आचार्य देवव्रत ने गुरुकुल के प्राकृतिक कृषि फार्म का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि रसायनमुक्त खेती के माध्यम से यह फार्म किसानों को प्राकृतिक कृषि की दिशा में प्रेरित कर रहा है।

गुरुकुल में आयोजित स्वामी श्रद्धानंद बलिदान शताब्दी समारोह में राष्ट्रपति ने उनके जीवन और सामाजिक योगदान को याद किया। राष्ट्रपति ने कहा कि स्वामी श्रद्धानंद ने शिक्षा, सामाजिक एकता और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए काम किया। उन्होंने गुरुकुल शिक्षा पद्धति को पुनर्जीवित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

हरियाणा की हीरक जयंती के अवसर पर राज्य की छह दशक की विकास यात्रा के साथ भविष्य की चुनौतियों और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य पर भी जोर दिया गया।

रिपोर्ट: जितेश नेगी कुरुक्षेत्र

हमें फ़ॉलो करें :
लेखक के बारे में
Vinod Yadav Founder & Editor, Rewari Live

विनोद यादव रेवाड़ी लाइव के संस्थापक एवं संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता में 16 वर्षों का अनुभव है। वे Virat Bharat News, NFLSpice News और Kisan Yojana जैसे पोर्टल्स के साथ काम कर चुके हैं। वर्तमान में वे Rewari Live के माध्यम से हरियाणा के विभिन्न मुद्दों और जनहित से जुड़ी खबरों को कवर कर रहे हैं।

Vinod Yadav की सभी पोस्ट देखें

संबंधित ख़बरें

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

ई-पेपर