
नई दिल्ली। ओमान के तट के पास भारतीय ध्वज वाले एक व्यावसायिक जहाज पर हुए हमले में गुजरात के 26 वर्षीय नाविक की मौत हो गई। जहाज पर कुल 14 भारतीय नागरिक सवार थे। इनमें से 13 को ओमान के तटरक्षक बल ने सुरक्षित बचा लिया। घटना के बाद भारत ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए पश्चिम एशिया में तत्काल तनाव कम करने और कूटनीतिक बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की है।
हमले का शिकार हुआ जहाज MSV Al Jusufi सोमवार शाम ओमान के लिमाह क्षेत्र के पास समुद्र में था। केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल के अनुसार, जहाज पर एक अज्ञात हवाई वस्तु से हमला हुआ था। इसकी चपेट में आने से घायल हुए नाविक गांधर नहींम अजीज की मौत हो गई। वह गुजरात के देवभूमि द्वारका जिले के सलाया के रहने वाले थे।
जहाज पर मौजूद बाकी 13 भारतीय चालक दल के सदस्यों ने जान बचाने के लिए समुद्र में उतरकर लाइफ राफ्ट का सहारा लिया। ओमान के तटरक्षक बल ने उन्हें सुरक्षित बचा लिया। विदेश मंत्रालय ने बताया कि मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ओमान के अधिकारियों के संपर्क में है। बचाए गए नाविकों की जल्द भारत वापसी और मृतक के पार्थिव शरीर को स्वदेश लाने की व्यवस्था की जा रही है।
यूएई से पोरबंदर जा रहा था जहाज
रिपोर्ट के अनुसार, MSV Al Jusufi ने 31 अक्टूबर को संयुक्त अरब अमीरात के हमरिया पोर्ट से गुजरात के पोरबंदर के लिए यात्रा शुरू की थी। जहाज पर सभी 14 सदस्य भारतीय थे। हमले के बाद चालक दल को जहाज छोड़ना पड़ा।
भारत ने कहा- व्यावसायिक जहाजों को निशाना बनाना बंद हो
विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को जारी बयान में हमले की निंदा की। मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में व्यावसायिक जहाजों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। भारत ने संबंधित पक्षों से तत्काल तनाव कम करने और चल रही बातचीत के जरिए कूटनीतिक समाधान निकालने की अपील की है।
यह भी पढ़ें9 नवंबर से कैंसर की दवाएं होंगी बेहद सस्ती, 1,000 ब्रांड्स के गिरे दाम, मरीजों के बचेंगे ₹3500 करोड़
भारत ने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों से जहाजों की सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही तथा व्यापार बहाल किया जाना चाहिए। मंत्रालय के अनुसार, क्षेत्र में शांति और स्थिरता लौटाने के लिए समुद्री रास्तों की सुरक्षा बेहद जरूरी है।
पश्चिम एशिया संघर्ष में 23 भारतीयों की मौत
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के दौरान अब तक 23 भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है। इनमें 15 नाविक शामिल हैं। ओमान के पास हुई ताजा घटना ने समुद्री मार्गों पर काम कर रहे भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
भारत ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि व्यावसायिक जहाजों और आम नागरिकों को संघर्ष का निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए।
